तुनिषा शर्मा मौत मामला
शीजान खान को कोर्ट लेकर पहुंची पुलिस
मुंबई, टीवी एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा (Tanusha Sharma) मौत मामले में वालीव पुलिस ने उनके को-स्टार शीजान खान (Sheezan Khan) को आज वसई कोर्ट में पेश किया. पुलिस ने कल शीजान के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था. तुनिषा शर्मा ने शनिवार को मुंबई में एक टीवी सीरियल के सेट पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. उनका शव फंदे से लटकता मिला था. एसीपी चंद्रकांत जाधव ने बताया कि एक्ट्रेस की मां ने मामले में शिकायत दर्ज कराई है. हम इसकी जांच कर रहे हैं. मौत से ठीक पहले 20 साल की तुनिषा एक म्यूजिक वीडियो शूट करने के लिए सेट पर मौजूद थीं.
सेट पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वह बिल्कुल नॉर्मल थीं और 5 घंटे पहले ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो और कुछ नोट शेयर किए थे, जिसमें उन्होंने लिखा था,’जो अपने जुनून से आगे बढ़ते हैं, वे रुकते नहीं हैं.’ कुछ देर बाद ही उनका शव फंदे से लटकता मिला था. इस कथित आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. तुनिषा ने कटरीना कैफ की फिल्म फितूर में उनके बचपन का किरदार निभाया था. इसके अलावा वह अलीबाबा: दास्तान-ए-काबुल में शहजादी मरियम की भूमिका कर रही थीं. बार बार देखो, कहानी-2, दबंग-3 जैसी फिल्मों में भी बतौर बाल कलाकार उन्होंने काम किया था.
पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि तुनिषा वॉशरूम गई थीं. जब वह बहुत देर तक नहीं लौटीं, तो दरवाजा तोड़ा गया, जहां उनका शव फंदे से लटकता पाया गया. पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. सेट पर मौजूद लोगों, तुनिषा के परिवार वालों और करीबियों के बयान लिए गए हैं. इसी आधार पर शीजान की गिरफ्तारी भी हुई है. तुनिषा ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत टीवी शो ‘भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप’ से की थी. वह चक्रवर्ति सम्राट अशोक, गब्बर पूंछवाला, शेर-ए-पंजाब: महाराणा रंजीत सिंह, इंटरनेट वाला लव और इश्क शुभान अल्लाह जैसे सीरियल्स में भी नजर आईं. बीते कुछ वर्षों में कई टीवी और फिल्म एक्टर्स ने आत्महत्या की है.
इसी साल 16 अक्टूबर को टीवी एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर ने इंदौर में आत्महत्या कर ली थी. एक्ट्रेस का शव इंदौर की साईं बाग कॉलोनी में उनके घर पर मिला था. वैशाली के अलावा प्रत्यूषा बैनर्जी, प्रेक्षा मेहता से लेकर सुशांत सिंह राजपूत तक कई नाम हैं, जिन्होंने सुसाइड किया. प्रत्युषा बनर्जी ने टेलीविजन शो बालिका वधू से घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी. इसके बाद वो बिग बॉस सीजन 7 में बतौर कंटेस्टेंट नजर आईं थीं. सुशांत 14 जून, 2020 को अपने मुंबई स्थित फ्लैट में मृत मिले थे. इसे पुलिस ने सुसाइड करार दिया और कहा कि वह डिप्रेशन में थे. हालांकि, अभी तक सुशांत की मौत एक रहस्य बनी हुई है, उनके फैंस यह मानने के लिए तैयार नहीं हैं कि एक्टर सुसाइड कर सकते थे. महज 34 साल की उम्र में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के इस चर्चित चेहरे ने दुनिया को अलविदा कह दिया था.
India
World
Entertainment
Sports
Chhattisgarh
Haryana
Delhi
Religious
Business
Tech & Auto
Education
Health
Andhra Pradesh
Telangana
Sikkim
Odisha
Jharkhand
Assam
Nagaland